Lucknow News: दरोगा की मौत के बाद शव को लेकर दो पत्नियों के बीच विवाद, बेटे ने लगाया ये आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी में तैनात एक दरोगा की अचानक मौत के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ा हंगामा देखने को मिला। दरअसल, शव को लेकर उनकी दोनों पत्नियों के परिवार आमने-सामने आ गए और बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच दरोगा के बेटे ने चौंकाने वाला आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पिता को धीमा ज़हर देकर मारा गया है।

यह मामला लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के आदिलनगर इलाके का है, जहां रहने वाले दरोगा संजय कुमार पाठक (54) की सोमवार देर रात तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार सुबह जब शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा, तो वहां संजय की दोनों पत्नियां पहली पत्नी चंद्रकुमारी और दूसरी पत्नी आराधना अंसारी अपने-अपने परिवार के साथ पहुंचीं। शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप, पिता को सौंपा गया शव

हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर गुडंबा थाना प्रभारी प्रभातोष श्रीवास्तव पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद शव को दरोगा के पिता दयाशंकर पाठक के हवाले कर दिया गया, जो उसे लेकर अपने पैतृक जिले जौनपुर चले गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अभी तक मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। डॉक्टरों ने हार्ट और विसरा जांच के लिए सैंपल सुरक्षित रखे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।

दोहरी शादी पर विवाद, बेटे ने लगाए गंभीर आरोप

मूल रूप से जौनपुर के मछलीशहर के निवासी संजय पाठक वर्तमान में उरई जिले के कोतवाली नगर थाने में तैनात थे। वह लखनऊ के आदिलनगर इलाके में अपनी दूसरी पत्नी आराधना अंसारी और उनके दो बेटों अभिनव और अरनव के साथ रह रहे थे। संजय ने आराधना से 2016 में दूसरी शादी की थी।

पहली पत्नी चंद्रकुमारी पाठक, जो अपने बेटे आशीष और तीन बेटियों के साथ मछलीशहर में रहती हैं, का कहना है कि संजय ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली थी। बेटे आशीष ने बताया कि जब संजय ने अपने आधिकारिक दस्तावेज़ों में दूसरी पत्नी का नाम दर्ज कराया, तब उन्हें इसकी जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने उरई के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की थी, जिसकी जांच अभी भी चल रही है।

सबसे गंभीर बात यह रही कि आशीष ने अपनी सौतेली मां आराधना पर आरोप लगाया कि उन्होंने संपत्ति के लिए उनके पिता को धीरे-धीरे ज़हर देकर मारा है। हालांकि, आराधना ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि संजय की तबीयत अचानक बिगड़ने से उनकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व विसरा रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।

Also Read: ‘ऑपरेशन सिंदूर रुका नहीं है, जरूरत पड़ी तो फिर चलेगा’, संसद में पीएम मोदी का विपक्ष पर पलटवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.