Lucknow News: 30 सितंबर तक बिजली कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, जानिए आदेश में क्या कहा गया ?

Sandesh Wahak Digital Desk: बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने आदेश जारी कर 30 सितंबर तक बिजली कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर रोक लगा दी है। आदेश में साफ कहा गया है कि बारिश के कारण अक्सर होने वाले फॉल्ट और तकनीकी गड़बड़ियों को तुरंत दुरुस्त करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

विपक्ष के आरोपों पर ऊर्जा मंत्री का पलटवार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बिजली आपूर्ति पर उठाए गए सवालों पर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस और समाजवादी पार्टी बिजली की चिंता जता रहे हैं, जबकि अपने लंबे कार्यकाल में उन्होंने इसकी एक चौथाई भी चिंता नहीं की। परिणामस्वरूप भाजपा को बेहद जर्जर बिजली व्यवस्था विरासत में मिली।

मंत्री शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो चलाकर और ग़लत एडिटिंग कर बिजली व्यवस्था को खराब दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में बलिया, मथुरा और सुल्तानपुर से जुड़े वीडियो फर्जी पाए गए हैं।

बिजली सुधार के आंकड़े

ऊर्जा मंत्री ने अपने कार्यकाल में बिजली सुधार के लिए उठाए गए कदम भी गिनाए। उनके अनुसार, पिछले तीन साल में 1.59 लाख किलोमीटर जर्जर तार बदले गए और 29 लाख नए खंभे लगाए गए हैं। साथ ही ट्रांसफॉर्मरों और अन्य विद्युत ढांचों को भी अपग्रेड किया गया है। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बरसात के मौसम में बिजली व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है।

 

Also Red: Siddharthnagar News: नई शिक्षा नीति पर मंत्री अनिल राजभर का बड़ा बयान, विपक्ष पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.