UP News: बेसिक शिक्षा विभाग ने जारी की सरप्लस शिक्षकों की सूची, इस आधार पर हुआ मूल्यांकन

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में स्कूलों के विलय के बाद लंबे इंतजार के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने सरप्लस शिक्षकों की सूची जारी कर दी है। नई सूची के अनुसार, प्रदेश में कुल 7095 शिक्षक सरप्लस हैं, जिनमें प्राथमिक स्कूलों के शिक्षक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक और प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हैं। वहीं, कम शिक्षक वाले विद्यालयों की संख्या कहीं अधिक है।

शिक्षक-छात्र अनुपात के आधार पर तैयार सूची

शिक्षक-छात्र अनुपात को आधार मानते हुए तैयार की गई इस सूची के अनुसार, पूरे प्रदेश में प्राइमरी स्कूलों में 3951 शिक्षक अतिरिक्त (सरप्लस) हैं, जबकि 24061 पद खाली (डेफिसिट) हैं। वहीं, प्राइमरी के हेड और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 3144 शिक्षक सरप्लस हैं, जबकि 19776 पद डेफिसिट में हैं। इसी आधार पर शिक्षक अपने तबादले और समायोजन के लिए आवेदन करेंगे।

ऑनलाइन आवेदन में तकनीकी खामियां

तबादले के लिए मंगलवार से शुरू हुए ऑनलाइन आवेदन में शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई शिक्षक लॉगिन नहीं कर पा रहे थे और बार-बार सिस्टम एरर दिखा रहा था। शिक्षकों का कहना है कि विभाग ने हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी देने की बात कही थी, लेकिन वेबसाइट पर कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आवेदन प्रक्रिया पहले ही दिन से चुनौतीपूर्ण हो गई।

 

Also Read: 30 सितंबर तक बिजली कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, जानिए आदेश में क्या कहा गया ?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.