मुजफ्फरपुर में मठ के महंत की हत्या, नदी किनारे मिला शव
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के मुजफ्फरपुर ज़िले में एक मठ के महंत की अज्ञात अपराधियों ने हत्या कर दी है। रविवार की सुबह उनका शव गंडक नदी के किनारे से बरामद किया गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
यह घटना मुजफ्फरपुर के पानापुर ओपी अंतर्गत बहादुरपुर मठ की है। यहाँ महंत रामबाबू सिंह अपने एक सेवक के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 12 बजे वे अपने कमरे में सोने गए थे। रात में वे मठ में अकेले थे। सुबह जब उनका शव मठ से करीब तीन किलोमीटर दूर बूढ़ी गंडक नदी के किनारे कीचड़ में सना हुआ मिला, तो लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
परिजन और ग्रामीण कर रहे न्याय की मांग
शव मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि महंत का किसी से कोई विवाद नहीं था, इसलिए उनकी हत्या क्यों की गई, यह समझना मुश्किल है। पुलिस को सूचना मिलने पर पानापुर ओपी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जमीन विवाद की आशंका
पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है। इलाके में जमीन विवाद को लेकर हत्या की चर्चा जोरों पर है, हालाँकि पुलिस अभी इस बारे में कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की सही वजह और तरीका पता चल सकेगा।
Also Read: Lucknow News: केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया

