फिलीपींस के राष्ट्रपति का भारत में भव्य स्वागत, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर भारत की पाँच दिवसीय यात्रा पर आए फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर का मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा भारत और फिलीपींस के बीच बढ़ती साझेदारी को और मजबूत करेगी।
औपचारिक स्वागत के बाद, पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति मार्कोस ने कहा, यह यात्रा उस गठबंधन और साझेदारी की पुष्टि करती है, जिसे हम लगातार मजबूत कर रहे हैं। बदलते वैश्विक हालात में अब हम ‘एशिया-प्रशांत क्षेत्र’ की जगह ‘हिंद-प्रशांत क्षेत्र’ की बात करते हैं, जो व्यापार, राजनीति और अर्थव्यवस्था को देखते हुए सही है।
उन्होंने आगे कहा कि हम यहाँ भारत और फिलीपींस के बीच पहले से मौजूद संबंधों को और बेहतर बनाने आए हैं। साथ ही, हमारा लक्ष्य उन नए अवसरों का लाभ उठाना भी है, जो नई तकनीकों और बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था के कारण पैदा हुए हैं। स्वागत समारोह के बाद, फिलीपींस के राष्ट्रपति महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट भी जाएंगे।
इससे पहले, सोमवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उनसे मुलाकात की थी। जयशंकर ने विश्वास जताया है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली उनकी बातचीत से दोनों देशों के रिश्ते और भी गहरे होंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी कहा है कि इस यात्रा से भारत और फिलीपींस के संबंध और मज़बूत होंगे।
Also Read: IND vs ENG: 5वें टेस्ट के हीरो मोहम्मद सिराज की कमाई में इजाफा, BCCI से मिला एक्स्ट्रा बोनस

