उत्तराखंड के उत्तरकाशी में फटा बादल, 12 लोग मलबे में दबे, 60 लापता होने की आशंका

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के उत्तरकाशी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ हर्षिल में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस भयानक हादसे में 12 लोगों के मलबे में दबने की खबर है, जबकि 60 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे महज 20 सेकंड में पानी और मलबा सब कुछ बहाकर ले गया। वीडियो में लोग मदद के लिए चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं।

बाढ़ और मलबे से भारी नुकसान

बताया जा रहा है कि बादल फटने के बाद खीरगाड़ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे कस्बा धराली में बाढ़ का पानी और मलबा घुस गया। इससे कई घरों और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। नदी का पानी कई होटलों में भी घुस गया है।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर रवाना हो गए हैं। भटवाड़ी से एसडीआरएफ की टीम भी धराली पहुंच गई है। उत्तरकाशी के जिला मजिस्ट्रेट प्रशांत आर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रेस्क्यू टीमें युद्ध स्तर पर काम कर रही हैं।

उत्तराखंड पुलिस ने भी सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लोगों से अपील की है कि वे नदी से उचित दूरी बनाए रखें और अपने बच्चों व मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि राहत और बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें लगी हुई हैं। वह लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Also Read: संसद में सीआईएसएफ विवाद पर गरमाया माहौल, खरगे और नड्डा में तीखी नोकझोंक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.