गलवान झड़प के बाद पहली बार चीन जाएंगे PM मोदी, SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन की यात्रा पर जाएंगे। यह यात्रा पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में 2020 में हुई सैन्य झड़प के बाद पीएम मोदी की पहली चीन यात्रा होगी, जिसे दोनों देशों के बीच संबंधों को सुधारने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

SCO शिखर सम्मेलन और पीएम-शी जिनपिंग की मुलाकात

चीन में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक SCO शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मिल सकते हैं। दोनों नेताओं की आखिरी मुलाकात पिछले साल अक्टूबर में रूस में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस सम्मेलन में 20 से ज़्यादा देशों के नेता और 10 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख हिस्सा लेंगे।

पीएम मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका ब्रिक्स देशों को लेकर लगातार बयानबाजी कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिक्स देशों पर डॉलर को कमजोर करने का आरोप लगाया है।

जापान का दौरा भी करेंगे पीएम मोदी

चीन जाने से पहले प्रधानमंत्री मोदी जापान का दौरा करेंगे। वे 30 अगस्त को जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पीएम मोदी ने आखिरी बार 2019 में चीन का दौरा किया था। इस यात्रा के दौरान व्यापार सहयोग, आतंकवाद, क्षेत्रीय सुरक्षा और बहुपक्षीय सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

ब्रिक्स को लेकर ट्रंप की चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिक्स देशों के बढ़ते प्रभाव को लेकर पिछले महीने बयान दिया था। उन्होंने कहा था, ब्रिक्स की स्थापना हमें नुकसान पहुंचाने और हमारे डॉलर को कमजोर करने के लिए की गई थी। अगर यह समूह कभी भी मज़बूत होता है, तो यह जल्द ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि डॉलर का दर्जा खोना किसी विश्व युद्ध को हारने जैसा होगा और वे ऐसा होने नहीं देंगे।

Also Read: UP News: 15 जिलों से गुजरेगी कांग्रेस की ‘जयहिंद यात्रा’, अजय राय ने साधा बीजेपी पर निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.