UP Politics: स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- बीजेपी संरक्षित गुंडे-माफिया कर रहे हैं हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने राज्य में विपक्ष के नेताओं पर हो रहे हमलों को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार आने के बाद से कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। स्वामी प्रसाद ने आरोप लगाया कि बीजेपी संरक्षित गुंडे, माफिया और बदमाश अब विपक्ष के नेताओं को निशाना बना रहे हैं।
हाल ही में रायबरेली में उन पर हुए हमले को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य ने सीधे तौर पर बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, यह अच्छा हुआ कि मैंने अपनी यात्रा की जानकारी पहले ही दे दी थी, जिसकी वजह से मौके पर पुलिसकर्मी और मेरे समर्थक मौजूद थे। वरना, स्थिति बहुत गंभीर हो सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों ने ही यह हमला करवाया था।
बीजेपी सरकार के कई मंत्री और विधायक अपनी ही सरकार से खुश नहीं
लखनऊ में अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के हमलों का शिकार सिर्फ विपक्षी नेता ही नहीं, बल्कि सत्ताधारी पार्टी बीजेपी के नेता भी हो रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि बीजेपी सरकार के कई मंत्री और विधायक अपनी ही सरकार से खुश नहीं हैं। उन्होंने बताया कि बीजेपी के कुछ विधायक भी मारपीट का शिकार हुए हैं, और ये विधायक ज्यादातर पिछड़े वर्ग और एससी-एसटी समाज से हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं हुई है।
स्वामी प्रसाद मौर्य के इन बयानों ने यूपी की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है, और उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
Also Read: Lucknow News: यूपी STF ने प्रतापगढ़ के इनामी बदमाश को मुंबई से किया गिरफ्तार

