BHU में रैगिंग पर लगाम के लिए क्रिएटिव आर्ट्स और सोशल मीडिया का सहारा, 7 दिन का एंटी रैगिंग इवेंट शेड्यूल लॉन्च
Varanasi News: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में रैगिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए इस बार क्रिएटिव आर्ट्स, सोशल मीडिया और संवाद की मदद ली जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस को रैगिंग मुक्त बनाने के उद्देश्य से सात दिन का विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। इसका शेड्यूल सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया है।
एंटी रैगिंग सप्ताह मनाया जाएगा
कला संकाय में 11 से 18 अगस्त और विज्ञान संकाय में 12 से 18 अगस्त तक एंटी रैगिंग सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान रैगिंग विरोधी थीम पर कई क्रिएटिव और ज्ञान-विज्ञान से जुड़े कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्लोगन राइटिंग, निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग, लोगो डिजाइनिंग, फोटोग्राफी कॉन्टेस्ट, इंस्टाग्राम रील मेकिंग, क्विज, यूट्यूब वीडियो मेकिंग, इंस्टाग्राम थ्रेड डिजिटल पोस्टर मेकिंग और वाद-विवाद शामिल हैं।
क्यूआर कोड जारी किया है
कला संकाय ने प्रतिभागियों के लिए क्यूआर कोड जारी किया है, जिसे स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। इसमें प्रतिभागी अपनी पसंद के इवेंट को वरीयता क्रम में दर्ज कर सकते हैं। यह पहल विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा शुरू किए गए एंटी रैगिंग सप्ताह के अंतर्गत है, जिसके तहत बीएचयू के विभिन्न संकाय रैगिंग खत्म करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।
जुर्माना लगाया गया था
रैगिंग के मामलों में बीएचयू का पिछला रिकॉर्ड चिंताजनक रहा है। जून 2024 में एमबीबीएस के 25 छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। 2012 से 2023 के बीच बीएचयू में रैगिंग के 72 मामले सामने आए, जो संख्या के लिहाज से देश में सबसे अधिक है। 2023 में विश्वविद्यालय ने एंटी रैगिंग सेल का पुनर्गठन किया था, जिसके बाद सत्र 2023-24 में 12 और 2024-25 में अब तक पांच मामले दर्ज हुए हैं।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों में आपसी संवाद
गौरतलब है कि रैगिंग के आधे से ज्यादा मामले आईएमएस (IMS-BHU) से जुड़े हैं। प्रशासन का मानना है कि कला, सोशल मीडिया और प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों में आपसी संवाद और सकारात्मक माहौल को बढ़ावा देकर रैगिंग की प्रवृत्ति को कम किया जा सकता है।
Also Read: PM Modi ने बेंगलुरु को दिया तीन वंदे भारत एक्सप्रेस का तोहफा, जानें इस शहर की 10 खास बातें

