दिल्ली से शव लेकर बिहार जा रही एम्बुलेंस हादसे का शिकार, दो महिलाओं की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एम्बुलेंस में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपपुर में नेशनल हाइवे-19 पर हुआ।
एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए
जानकारी के अनुसार, दिल्ली एम्स में भर्ती बिहार निवासी वरुण की मौत के बाद परिजन उनका शव एम्बुलेंस से लेकर पैतृक गांव जा रहे थे। सुबह के समय एम्बुलेंस चालक को झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन हाइवे किनारे खड़े एक कंटेनर ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
इस दर्दनाक हादसे में वरुण की पत्नी ममता और एक रिश्तेदार बहन की मौके पर ही मौत हो गई। एम्बुलेंस में सवार चार अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि ट्रक का चालक और खलासी भी चोटिल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
कुछ दिन पहले एक्सीडेंट हुआ था
पुलिस क्षेत्राधिकारी चमन चावड़ा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। एम्बुलेंस में सवार अमित कुमार ने बताया कि उनके मौसा वरुण का कुछ दिन पहले एक्सीडेंट हुआ था और दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। शव को अंतिम संस्कार के लिए बिहार ले जाया जा रहा था, तभी भदोही में यह घटना हो गई। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस चालक को नींद आने के कारण यह भीषण टक्कर हुई।
घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। इस घटना से मृतकों के परिजनों में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग इसे बेहद दुखद और दर्दनाक मान रहे हैं।
Also Read: Most Run Record in 2025: इस बल्लेबाज ने ठोंक दिए सबसे ज्यादा रन, रोहित-विराट का नाम तक नहीं

