उद्धव ठाकरे का चौंकाने वाला दावा, बोले- बीजेपी नेता ने बताया था EVM कैसे हैक होती है

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि जब वे बीजेपी के साथ गठबंधन में थे, तब बीजेपी के ही एक नेता ने उन्हें बताया था कि EVM को कैसे हैक किया जाता है। हालांकि, ठाकरे ने उस नेता का नाम नहीं बताया, लेकिन यह जरूर कहा कि वह अभी भी बीजेपी में ही हैं।

‘जनता भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरी’

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर शिवसेना (यूबीटी) के एक विरोध प्रदर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा पूरे महाराष्ट्र में हमारी पार्टी ने आंदोलन किया। भ्रष्ट नेताओं से जवाब मांगने के लिए जनता सड़कों पर उतरी। हमने सभी सबूत मुख्यमंत्री और राज्यपाल को दिए, लेकिन कोई भी सुनवाई करने को तैयार नहीं है। यह सरकार की नाकामी है।

‘चुनाव आयोग सुप्रीम कोर्ट से बड़ा नहीं’

दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन और नेताओं की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा जब वे जवाब मांगने जा रहे थे, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। यह लोकतंत्र पर एक धब्बा है। ठाकरे ने बिहार में वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने का भी जिक्र किया और कहा कि अब चुनाव आयोग सुप्रीम कोर्ट को भी जवाब देने को तैयार नहीं है। उन्होंने सवाल किया क्या चुनाव आयोग के आयुक्त सुप्रीम कोर्ट से भी बड़े हैं? अब सुप्रीम कोर्ट क्या फैसला लेता है, हम देखेंगे।

उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि वोटों की चोरी बीजेपी ने की है, जो अब सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से अब अपनी पहचान दिखाने को कहा जा रहा है, यह एक तरह से डकैती है।

 

Also Read: लोकसभा से पास हुआ खेल प्रशासन विधेयक, मनसुख मांडविया बोले- आजादी के बाद का सबसे बड़ा सुधार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.