Kanpur News: यमुना में नहाते समय डूब गए मासूम भाई-बहन, खुशहाल परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Kanpur News: कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में मंगलवार को यमुना नदी के किनारे एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। नदी में नहाते समय 11 वर्षीय आध्या और 6 वर्षीय विश्वनाथ की डूबकर मौत हो गई। दोनों सगे भाई-बहन थे और अपने पिता भूपेंद्र सिंह के साथ नहाने आए थे। घटना के बाद पूरे गांव और परिवार में कोहराम मच गया।

नदी पर बच्चों के साथ नहाने पहुंचे

मिली जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के जुनिया गांव निवासी भूपेंद्र सिंह लखीमपुर की एक शुगर मिल में काम करते हैं और परिवार सहित वहीं रहते हैं। 8 अगस्त को वह अपने पैतृक गांव आए थे। मंगलवार को वह घाटमपुर के रेउना थाना क्षेत्र के कटरी गांव के पास यमुना नदी पर बच्चों के साथ नहाने पहुंचे।

डॉक्टर ने मृत घोषित किया

नहाते समय अचानक छोटा बेटा विश्वनाथ गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए पिता ने प्रयास किया, तभी बेटी आध्या भी पानी में बह गई। देखते ही देखते दोनों बच्चे तेज धारा में समा गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पूरे गांव में मातम पसरा है

परिवार के करीबियों का कहना है कि बेटी के बाद काफी मन्नतों के बाद बेटा हुआ था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। दोनों बच्चों के असमय चले जाने से माता-पिता बदहवास हैं और पूरे गांव में मातम पसरा है।

मदद का आश्वासन दिया

घटना की सूचना पर घाटमपुर के एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह सीएचसी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गहरे शोक में डुबो दिया

गांव के लोग इस हादसे से बेहद दुखी हैं और प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके। इस दर्दनाक घटना ने एक खुशहाल परिवार की दुनिया उजाड़ दी और इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया।

Also Read: ट्रंप का बड़ा बयान, पुतिन से मिलकर यूक्रेन का कुछ हिस्सा वापस दिलाने की करेंगे कोशिश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.