Budaun News: बदायूं में दरोगा की मां की निर्मम हत्या, लूटपाट कर फरार हुए बदमाश

 Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के मौसमपुर गांव में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। हापुड़ जिले में तैनात दरोगा मनवीर सिंह यादव की 65 वर्षीय मां रातरानी की बदमाशों ने धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी और उनके सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर पर शक जताया है, जो वारदात के बाद परिवार सहित लापता है।

दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए

जानकारी के मुताबिक, रातरानी घर में अकेली रहती थीं। उनके पुत्र मनवीर सिंह यादव बहादुरगढ़ पुलिस चौकी के प्रभारी हैं और पत्नी व बच्चों के साथ हापुड़ में ही रहते हैं। सोमवार रात रातरानी घर का मुख्य गेट बंद करके बरामदे में चारपाई पर सो रही थीं। बदमाश पड़ोस के बंद मकान की छत से होते हुए उनके घर में दाखिल हुए और सीढ़ियों के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने सोते समय ही धारदार हथियार से रातरानी का गला रेत दिया।

गांव में सनसनी फैल गई

हत्या के बाद बदमाशों ने उनके कानों के कुंडल, पाजेब, नथ और गले का लॉकेट उतार लिया और मौके से फरार हो गए। सुबह जब घर से कोई हलचल नहीं दिखी, तो पड़ोस की महिला दुलारो उन्हें देखने पहुंचीं। दरवाजा न खुलने पर ग्रामीणों को सूचना दी गई। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए ग्रामीणों ने बरामदे में चारपाई पर खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।

हत्या में शामिल हो सकता है

मौके पर पहुंचे एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह और एसपी देहात केके सरोज ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। घर में अन्यत्र लूटपाट के निशान नहीं मिले, जिससे साफ है कि बदमाशों का निशाना केवल आभूषण थे। पुलिस को संदेह है कि गांव का हिस्ट्रीशीटर, जो वारदात के बाद मां और बहन के साथ गायब है, इस हत्या में शामिल हो सकता है।

दावा किया गया है

एसएसपी ने बताया कि लूट के इरादे से हत्या की गई है और शक के आधार पर हिस्ट्रीशीटर की तलाश में पुलिस व एसओजी की चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।

Also Read: चुनाव आयोग के खिलाफ NSUI और युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, संसद में विपक्ष का प्रदर्शन जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.