दिल्ली में बारिश का कहर, जलभराव बनी मुसीबत, पेड़ गिरने से एक की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह से ही हो रही तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में भीषण जलभराव हो गया है, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह से थम गया। बारिश के कारण हुई एक घटना में पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई।
दिल्ली में जलभराव से हाहाकार
बारिश का सबसे ज्यादा असर दिल्ली के प्रमुख इलाकों में देखने को मिला। कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, मंडी हाउस, लाजपत नगर, द्वारका और आरके पुरम समेत कई जगहों पर सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। सुप्रीम कोर्ट के सामने भगवान दास रोड पर गाड़ियों के टायर पानी में डूब गए, जबकि भारत मंडपम के पास की टनल को जलभराव के कारण बंद करना पड़ा।

कालकाजी में पेड़ गिरने से हादसा
भारी बारिश के बाद दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक विशाल पेड़ उखड़कर बाइक सवार पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवक घायल हो गया और एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
15 अगस्त के जश्न पर बारिश का साया
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन घंटों में दिल्ली में और तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, यह बारिश का सिलसिला अभी 16 अगस्त तक जारी रह सकता है, जिससे कल स्वतंत्रता दिवस के जश्न में खलल पड़ सकता है। 15 अगस्त को भी दिल्ली में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, 17 अगस्त के बाद बारिश में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन 20 अगस्त तक मौसम ठंडा रहेगा।
Also Read: UP: विधानसभा में विजन 2047 पर मंथन, योगी बोले- देश की प्रगति का नेतृत्व करेगा यूपी

