पीएम मोदी ने लॉन्च किया ‘मिशन सुदर्शन चक्र’, ‘मेक इन इंडिया’ से बनेगा भारत का सुरक्षा चक्र

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से देश के लिए एक बड़े सुरक्षा कवच, ‘मिशन सुदर्शन चक्र’, को लॉन्च करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह मिशन 2035 तक भारत के सभी महत्वपूर्ण सामरिक और नागरिक स्थलों को एक आधुनिक तकनीकी सुरक्षा कवच प्रदान करेगा।

अपने अब तक के सबसे लंबे भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा, “समृद्धि कितनी ही हो, लेकिन अगर वह सुरक्षा के साथ न हो तो उसका कोई महत्व नहीं होता।” उन्होंने कहा कि देश के सभी अहम स्थानों अस्पताल, रेलवे स्टेशन, आस्था के केंद्र को तकनीक के एक नए प्लेटफॉर्म से पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा, ताकि हर नागरिक सुरक्षित महसूस कर सके।

‘मिशन सुदर्शन चक्र में डिफेंस भी होगा, अटैक भी’

पीएम मोदी ने इस मिशन का नाम भगवान कृष्ण के सुदर्शन चक्र के नाम पर रखने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा, “यह सुदर्शन चक्र एक ताकतवर वेपन सिस्टम होगा जो दुश्मन के हमले को निष्क्रिय तो करेगा ही, बल्कि उस पर कई गुना तेज पलटवार भी करेगा।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मिशन के तहत सभी अनुसंधान और विनिर्माण का काम देश में ही, देश के लोगों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने ‘सुदर्शन चक्र’ की खासियत का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे उसका निशाना सिर्फ़ अपने लक्ष्य तक जाता था और वापस लौट आता था, उसी तरह हम भी अपने लक्ष्य के आधार पर आगे बढ़ेंगे। पीएम का संकल्प है कि आने वाले 10 वर्षों में भारत की तकनीक ऐसी हो, जो किसी भी नई तकनीक का मुकाबला करने में सक्षम हो।

Also Read: CM योगी ने फहराया तिरंगा, बोले- ‘विकसित भारत’ का सपना तभी…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.