Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

Gorakhpur News: भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ इस पावन पर्व के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए शनिवार रात लखनऊ से गोरखपुर पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दिनभर योगेश्वर श्रीकृष्ण की साधना में बिताया। उन्होंने सुबह मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की और शाम को लखनऊ पुलिस लाइन में जन्माष्टमी समारोह में भाग लिया। रात में वह गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पारंपरिक अनुष्ठान में शामिल हुए। गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का दर्शन-पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया था, जहाँ मुख्यमंत्री ने मधुर भजनों का आनंद लिया और राधा-कृष्ण बने बच्चों को प्यार-दुलार कर उन्हें उपहार दिए।

मध्य रात्रि में हुआ प्रभु का प्राकट्योत्सव

रात 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ, पूरा मंदिर परिसर “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की” और “श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी” की मंगल ध्वनि से गूंज उठा। गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने भगवान के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को गोद में लिया और उन्हें गर्भगृह से बाहर लेकर आए। उन्होंने फूलों से सजे पालने में लड्डू गोपाल को झुलाया और श्रद्धापूर्वक आरती उतारी।

लोक गायक डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने छेड़ी भजनों की तान

जन्माष्टमी के अवसर पर, गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में सुपरिचित लोक गायक डॉ. राकेश श्रीवास्तव और उनकी टीम ने शाम से ही भजन-कीर्तन का समां बांध दिया था। उन्होंने और उनके साथियों ने कर्णप्रिय भजन और सोहर गीत प्रस्तुत किए, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस दौरान, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के गर्भगृह में रात 11:32 बजे शुरू हुआ और मध्य रात्रि भगवान के जन्म के बाद प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, वाराणसी से जगद्गुरु संतोष दास, गोरखपुर के सांसद रविकांत शुक्ल, कुशीनगर के सांसद विजय दुबे सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता ने मन मोहा

समारोह के दौरान, महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में श्रीकृष्ण और राधा के रूप में सजे बच्चों की बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन बच्चों से खूब हंसी-मजाक किया, उन्हें अपनी गोद में खिलाया और उपहार दिए। कान्हा वर्ग में अत्रि मिश्रा को प्रथम, भव्या पांडेय को द्वितीय और कात्यायनी को तृतीय पुरस्कार मिला। गोपाल वर्ग में सात्विक सिंह ने प्रथम, वंशिका अग्रवाल ने द्वितीय और मानवी जायसवाल ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। इस दौरान, हजारों की संख्या में श्रद्धालु मध्य रात्रि तक मंदिर परिसर में मौजूद रहे और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साक्षी बने।

Also Read: Lucknow News: सीएम योगी से मिलीं सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल, अटकलें तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.