दिल्ली-NCR को मिली बड़ी सौगात, द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-2 का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 17 अगस्त को, हरियाणा और दिल्ली को दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात दी है। इन परियोजनाओं में देश का पहला 8-लेन अर्बन एलिवेटेड द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) शामिल हैं। इन नए एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली और गुरुग्राम के लोगों को अब भयंकर ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।

अब 20 मिनट में दिल्ली से गुरुग्राम

लगभग 11,000 करोड़ रुपये की लागत से बने ये एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम के लिए वरदान साबित होंगे।

द्वारका एक्सप्रेसवे: यह देश का पहला 8-लेन अर्बन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे है, जो गुरुग्राम से दिल्ली एयरपोर्ट तक बना है। इसकी कुल लंबाई 29 किलोमीटर है। इसके शुरू होने के बाद गुरुग्राम तक का सफर 20 मिनट में पूरा हो सकेगा, जबकि पहले इसमें एक घंटे से ज्यादा का समय लगता था। इस एक्सप्रेसवे पर देश की सबसे चौड़ी 3.6 किलोमीटर की सुरंग भी बनाई गई है।

Dwarka Expressway

UER-2: 75.81 किलोमीटर लंबी यह 6-लेन रोड दिल्ली के तीसरे रिंग रोड के रूप में काम करेगी। यह दिल्ली-चंडीगढ़ राजमार्ग से शुरू होकर द्वारका और नजफगढ़ से होते हुए महिपालपुर के पास खत्म होगी। इसके बनने से मुंडका, नजफगढ़, धौला कुआं जैसे इलाकों में ट्रैफिक कम होगा और नोएडा से आईजीआई एयरपोर्ट तक का सफर भी आसान हो जाएगा।

इन इलाकों को मिलेगा खास फायदा

इन परियोजनाओं से द्वारका, वसंत कुंज, बवाना, नरेला और रोहिणी के लाखों लोगों को फायदा होगा। अब वे दिल्ली के दूसरे हिस्सों तक कम समय में पहुँच सकेंगे। इसके साथ ही, हरियाणा और राजस्थान से देहरादून जाने वाले यात्रियों के लिए भी सफर आसान हो जाएगा। यह दोनों परियोजनाएं माल ढुलाई को भी आसान बनाएंगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Also Read: Sitapur News: सेप्टिक टैंक में गिरे बच्चे को बचाने में तीन लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.