2026 तक भारत की लॉजिस्टिक्स कॉस्ट सिंगल डिजिट में होगी: नितिन गडकरी
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि 2026 तक भारत की लॉजिस्टिक्स कॉस्ट सिंगल डिजिट में आ जाएगी। उन्होंने यह बात प्रधानमंत्री मोदी के साथ UER-2 (अर्बन एक्सटेंशन रोड-2) और द्वारका एक्सप्रेसवे के दिल्ली सेगमेंट के उद्घाटन समारोह में कही।
क्यों है यह लक्ष्य अहम
नितिन गडकरी ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करना भारत के निर्यात के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अभी भारत की लॉजिस्टिक्स कॉस्ट 14 से 16 प्रतिशत है, जबकि चीन की 8 प्रतिशत और अमेरिका की 12 प्रतिशत है। लॉजिस्टिक्स कॉस्ट घटने से हमारे उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में ज़्यादा प्रतिस्पर्धी बनेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अच्छी सड़कें बनने से लॉजिस्टिक्स कॉस्ट पहले ही 6 प्रतिशत तक कम हुई है।
दिल्ली-NCR में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
गडकरी ने कहा कि नए एक्सप्रेसवे से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि इन परियोजनाओं से दिल्ली में 50 प्रतिशत तक ट्रैफिक कम हो जाएगा।
आने वाली और भी योजनाएं
दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे: इसे यूईआर-2 से जोड़ा जाएगा, जिससे जम्मू-कश्मीर और पंजाब से आने वाले ट्रैफिक को सीधा एयरपोर्ट और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी मिलेगी। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: यह नोएडा और फरीदाबाद से भी जुड़ेगा, जिससे दिल्ली के बायपास के रूप में काम करेगा। देहरादून से आने वाले लोग अब सिर्फ 45 मिनट में एयरपोर्ट पहुँच सकेंगे।
शिव मूर्ति पर टनल: महिपालपुर और रंगपुरी के ट्रैफिक को कम करने के लिए शिव मूर्ति नेशनल मंडेला मार्ग पर एक टनल बनाने की योजना भी बनाई जा रही है।
एम्स-महिपालपुर कॉरिडोर: मेहरोली-गुरुग्राम रोड पर एक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का भी प्रस्ताव है, जिससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी।
Also Read: PM Internship Scheme: यूपी और आंध्र प्रदेश ने बनाए रिकॉर्ड, जानें कैसे करें आवेदन

