Lucknow News: ‘केशव चाचा न्याय करो…’, अभ्यर्थियों ने घेरा डिप्टी सीएम का आवास, जमकर की नारेबाजी
Lucknow News: 69,000 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने आज लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई में हो रही देरी से नाराज़ अभ्यर्थी ‘केशव चाचा न्याय करो…’ जैसे नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए। मौक़े पर भारी पुलिस बल तैनात है।
आदेश का पालन नहीं हो सका
अभ्यर्थियों का आरोप है कि 69,000 शिक्षक भर्ती में भारी अनियमितताएँ हुई हैं, जिसके कारण हज़ारों आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार नौकरी पाने से वंचित रह गए। उन्होंने बताया कि इस मामले की सुनवाई लंबे समय तक हाईकोर्ट में चली और फ़ैसला उनके पक्ष में आया था। लेकिन, राज्य सरकार की कथित लापरवाही के कारण हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं हो सका।
6,800 सीटों पर गड़बड़ी हुई
इस भर्ती को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि आरक्षण नियमों का सही तरीक़े से पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि इस भर्ती में करीब 19,000 सीटों पर आरक्षण घोटाला हुआ है। सरकार ने पहले ही इस बात को स्वीकार किया था कि 6,800 सीटों पर गड़बड़ी हुई है।
ताकि उन्हें न्याय मिल सके
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है, लेकिन सरकार वहाँ भी अपना पक्ष रखने में ढिलाई बरत रही है। उनका आरोप है कि सरकार जानबूझकर मामले को लटका रही है, जिससे उनके भविष्य पर संकट आ गया है। उन्होंने माँग की कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले और जल्द से जल्द सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष मज़बूती से रखे ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं
इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी माँगों पर अड़े रहे। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी माँगें नहीं मानी जाती, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ़ उनकी नहीं, बल्कि उन हज़ारों उम्मीदवारों के भविष्य की है जो लंबे समय से इस भर्ती के पूरा होने का इंतज़ार कर रहे हैं। इस मामले में अभी तक सरकार की तरफ़ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Also Read: Azamgarh News: नकली उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

