हमास युद्धविराम के लिए तैयार, इजरायल के रुख का इंतजार
Sandesh Wahak Digital Desk: इजरायल और हमास के बीच चल रहे खूनी जंग को लगभग दो साल पूरे होने वाले हैं। अब खबर आई है कि हमास मिस्र और कतर की मध्यस्थता से पेश किए गए नए युद्धविराम प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार है। एक फिलिस्तीनी अधिकारी ने अल जजीरा और बीबीसी जैसे मीडिया संस्थानों को यह जानकारी दी है।
क्या है नया प्रस्ताव
प्रस्ताव के अनुसार, 60 दिनों का युद्धविराम होगा और इस दौरान दो चरणों में इजरायली बंधकों को रिहा किया जाएगा। माना जा रहा है कि हमास के पास 50 बंधक हैं, जिनमें से लगभग 20 जीवित हैं। पहले चरण में 10 बंधकों को छोड़ा जाएगा, जिसके बाद पूर्ण युद्धविराम पर बातचीत शुरू होगी।
हालांकि, इजरायल ने अभी तक इस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच गाजा पर कब्जे को लेकर मतभेद की खबरें भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि इजरायल अब गाजा का ‘गैर-सैन्यीकरण’ चाहता है, ताकि वहाँ हमास की कोई भूमिका न रहे।
युद्ध में भयावह हालात
यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है जब गाजा में हालात बेहद खराब हो चुके हैं। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक 62,000 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं और 1.5 लाख से ज़्यादा घायल हुए हैं। लगभग 2,000 लोग मानवीय सहायता लेने की कोशिश में भी मारे गए। हमास ने बिना किसी शर्त के इस प्रस्ताव को मान लिया है, लेकिन सभी की निगाहें अब इजरायल के फैसले पर टिकी हैं।
Also Read: Kanpur News: नशीली खीर खिला कर 15 लाख की चोरी, पुलिस ने आरोपी दंपति को दबोचा

