Kanpur News: 48 घंटे में पुलिस ने दबोचे गैंगरेप के चारों आरोपी
Kanpur News: ककवन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग दलित लड़की से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के 48 घंटे के भीतर ही पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह सनसनीखेज वारदात 20 अगस्त 2025 को हीरा निवादा गांव में हुई थी। गांव में श्रीकृष्ण की छठी का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें 13 साल की पीड़िता अपने परिवार के साथ गई थी। शाम को जब वह शौच के लिए खेत की तरफ गई, तभी घात लगाए बैठे गांव के ही चार युवकों ने उसे पकड़ लिया।
धमकी दी और फरार हो गए
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपू यादव, रविंद्र यादव, भोला यादव और इक्कू यादव ने मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। भोला और इक्कू ने लड़की का मुंह दबा दिया, जबकि दीपू और रविंद्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद, चारों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई। पीड़िता के पिता की शिकायत पर 21 अगस्त को चारों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। बिल्हौर के सहायक पुलिस आयुक्त ने इस मामले की खुद जांच संभाली।
सभी उसी गांव के रहने वाले
इसके बाद, थानाध्यक्ष ककवन के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें बनाई गईं। पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी की और आखिरकार 22 अगस्त की रात को चारों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपू यादव, इक्कू उर्फ उपेंद्र यादव, रविंद्र यादव और अरुण कुमार उर्फ भोला यादव के रूप में हुई है, जो सभी उसी गांव के रहने वाले हैं। कानपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है। चारों आरोपियों को अब कोर्ट में पेश करने के बाद कानपुर देहात की जेल भेज दिया गया है।
Also Read: Siddharthnagar News: किसानों को नहीं मिल रही खाद, सपा और विक्रेताओं ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

