Barabanki News: चोरी और नशे के धंधे में सक्रिय पिता-पुत्र गिरफ्तार, नकदी और मारफीन बरामद
Barabanki News: बड्डुपुर पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी और नशे के धंधे में लिप्त एक शातिर पिता-पुत्र को दबोच लिया। आरोपियों के पास से 26,070 रुपये नकद, 258 ग्राम अवैध मारफीन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है। जनपद में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी अभियान के तहत 24 अगस्त को ग्राम टड़वानानकारी इलाके से दोनों को गिरफ्तार किया गया।

पिता-पुत्र निकले मास्टरमाइंड
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश अवस्थी पुत्र स्व. बेचेलाल और मनोज अवस्थी पुत्र दिनेश अवस्थी, निवासी ग्राम कितुरी, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों बाप-बेटे चोरी और नशे के धंधे के असली मास्टरमाइंड हैं। 20 अगस्त को दोनों आरोपियों ने बड्डुपुर क्षेत्र के रीवा सीवा बाजार स्थित जय मां ट्रेडर्स की दुकान को निशाना बनाया था। सीमेंट खरीदने के बहाने दुकान की रेकी की और जैसे ही दुकानदार गोदाम गया, गल्ले से 94 हजार रुपये पार कर दिए। बाइक UP 34 DS 8070 से फरार हो गए। इस घटना में पहले से ही मुकदमा दर्ज था।
चोरी की रकम से खरीदते थे मारफीन
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चोरी की रकम से दोनों अवैध मारफीन खरीदते और उसकी बिक्री कर मोटा मुनाफा कमाते थे। बरामद की गई 258 ग्राम मारफीन भी इसी तरह खरीदी गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिता-पुत्र का नेटवर्क कई जिलों तक फैला है और वे वहां भी चोरी व नशे का कारोबार कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। आरोपियों पर अब एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: आमिर अली

