Ghazipur News: मुख्तार के शूटरों ने मांगी 5 लाख की रंगदारी, धमकी- गोली मारकर लाश गंगा में बहा देंगे
Ghazipur News: मुख्तार अंसारी के गैंग IS-191 के सदस्य और शूटर उमेश राय उर्फ गोरा राय और उसके गुर्गों पर दो लोगों से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। इस मामले में पीड़ितों की शिकायत पर करीमुद्दीनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गोरा राय समेत पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
मसौनी गांव के रहने वाले मृत्युंजय राय उर्फ चंदन राय और उमेश तिवारी ने पुलिस को बताया कि 24 अगस्त की शाम वे दुबिहा मोड़ बाजार में एक मार्ट के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गोरा राय के दो गुर्गे रविकांत मिश्रा और प्रताप नारायन मिश्रा वहां पहुंचे और 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उन्होंने खुद को गोरा राय का शार्प शूटर बताते हुए कहा, “रंगदारी दो, वरना जिंदगी का हिसाब खत्म हो जाएगा।”
जब पीड़ितों ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने गोरा राय को फोन कर दिया। कुछ ही देर में गोरा राय अपने भतीजे दुर्गेश राय उर्फ विक्की और 5 अज्ञात गुंडों के साथ गाड़ी से वहां आ गया।
सीसीटीवी की नजर में दी धमकी
पीड़ितों का आरोप है कि बदमाशों ने सरेआम उन्हें गाड़ी में खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, “गोली मारकर लाश गंगा में बहा देंगे।”
इस मामले में एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि मृत्युंजय राय और उमेश तिवारी की तहरीर पर गोरा राय, रविकांत मिश्रा, दुर्गेश राय, प्रताप नारायन मिश्रा और अज्ञात के खिलाफ करीमुद्दीनपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
Also Read: LOC पर सेना को मिली बड़ी सफलता, गुरेज सेक्टर में दो आतंकी ढेर

