Siddharthnagar News: मूर्ति विसर्जन में हथियार ले जाने पर रोक, DM-SP ने पीस कमेटी की बैठक में दिए निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: बारावफात और गणेश पूजा को शांति और सद्भाव के साथ मनाने के लिए सिद्धार्थनगर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। इसी कड़ी में, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की अगुवाई में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। जिलाधिकारी ने सबसे पहले सभी से उनके क्षेत्रों की समस्याओं के बारे में पूछा। इस पर हिंदू और मुस्लिम, दोनों समुदायों के लोगों ने मिलकर कहा कि उन्हें कोई समस्या नहीं है और वे सभी त्योहार मिलकर मनाएंगे।

हथियारों और डीजे पर सख्ती

डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे त्योहारों के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी सूरत में कोई नई परंपरा शुरू न होने दी जाए और शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

खासकर मूर्ति विसर्जन को लेकर डीएम ने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी तरह के हथियार का इस्तेमाल नहीं होगा। विसर्जन स्थलों और जुलूस के रास्तों का पहले से निरीक्षण कर लिया जाए। विसर्जन की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी जरूर कराई जाए। डीजे तय मानकों के अनुसार ही बजाए जाएंगे।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: Gonda News:  जा पर कृपा ‘कप्तान’ की होई, ता पर कृपा करहिं सब कोई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.