Varanasi News: काशी द्वार योजना में फिर बाधा, किसानों के विरोध से सर्वे टीम खाली हाथ लौटी

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र में प्रस्तावित काशी द्वार आवासीय योजना का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को सर्वे के लिए पहुँची टीम को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा और उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, पिंडरा तहसील क्षेत्र के मानापुर, चनौली, चकइंदर और जद्दूपुर गाँव में आवास विकास परिषद की टीम स्थानीय तहसील के लेखपालों के साथ खसरा पड़ताल करने पहुँची थी।

लेकिन किसानों ने टीम को देखते ही विरोध शुरू कर दिया और नारेबाजी करते हुए सर्वे कार्य रुकवा दिया। विरोध की तीव्रता के कारण टीम को बिना सर्वे किए ही वापस लौटना पड़ा।

किसान संतोष पटेल ने कहा—

‘हम किसी भी कीमत पर अपनी ज़मीन नहीं देंगे। अगर ज़रूरत पड़ी तो इसके लिए जेल भी जाना पड़ेगा।’

बताते चलें कि पिंडरा तहसील क्षेत्र के करीब 10 गाँवों की 800 एकड़ से अधिक ज़मीन को अधिग्रहित कर सरकार काशी द्वार योजना के तहत हाईटेक कॉलोनी विकसित करना चाहती है।

इसमें आवास विकास परिषद अब तक 7 गाँवों का सर्वे पूरा कर चुकी है, लेकिन 3 गाँवों में किसानों के विरोध के चलते प्रक्रिया रुकी हुई है। शनिवार को पुनः टीम पहुँची थी, लेकिन विरोध के कारण सर्वे नहीं हो सका।

वहीं, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने कहा कि उन्हें टीम के लौटने की जानकारी नहीं है।

रिपोर्ट – मदन मुरारी पाठक

Also Read: Varanasi News: राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान का किया दौरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.