Ghazipur News: परिवारवाद को लेकर अफजाल अंसारी ने PM मोदी और CM योगी पर साधा निशाना
Ghazipur News: समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह नसीब की बात है कि कुछ लोगों का परिवार नहीं है और जिनके पास अपना परिवार नहीं होता, वे दूसरों के परिवार का दर्द नहीं समझ सकते।
अंसारी ने कांग्रेस, सपा और राजद जैसी पार्टियों को परिवारवादी कहने पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चाणक्य ने भी कहा था कि जिसका अपना परिवार न हो, उसे राजा नहीं बनाना चाहिए।
सपा सांसद ने कहा, जो दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बैठे हैं, उनका कोई परिवार नहीं है। यह उनका दुर्भाग्य है कि उस ऊपर वाले ने उन्हें औलाद नहीं दी। वे क्या जानें औलाद का दर्द?
मोहन भागवत की तारीफ की
इसी दौरान, अफजाल अंसारी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि मोहन भागवत ने महसूस किया है कि देश में एकता और भाईचारा जरूरी है और नफरत का कारोबार बंद होना चाहिए। अंसारी ने कहा कि हिंदू धर्म का प्रतिनिधित्व करने के लिए आरएसएस से बड़ा कोई संगठन नहीं है। उन्होंने मोहन भागवत के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर हर मस्जिद और मजार में शिवलिंग तलाशेंगे तो इससे देश कमजोर होगा। अंसारी ने कहा कि वे मोहन भागवत की बातों का स्वागत करते हैं और सभी धर्मों के गुरुओं से अपील करते हैं कि वे भी उनकी बातों का सम्मान करें और उसी तरह का संदेश दें।
Also Read: जैकी श्रॉफ ने युवाओं से की संडे ऑन साइकिल से जुड़ने की अपील

