Lucknow News: लखनऊ में डायरिया का कहर, खुद मैदान में उतरे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में डायरिया के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को अचानक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्थिति में उनके साथ खड़ी है। पाठक ने कहा, “आप किसी प्रकार की चिंता न करें, इलाज से लेकर हर समस्या का समाधान सरकार करेगी।”

स्वास्थ्य शिविर जारी रहेगा

पिछले दस दिनों से जानकीपुरम सेक्टर-7 और अब सेक्टर-3 में डायरिया मरीज मिल रहे हैं। इसे देखते हुए डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक एक भी मरीज रहेगा, तब तक स्वास्थ्य शिविर बंद नहीं होगा। इसके लिए शिविर को एक विद्यालय में शिफ्ट करने का आदेश दिया गया है, ताकि इसका बेहतर संचालन हो सके।

अधिकारियों को लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान ब्रजेश पाठक ने इलाके में गंदे पानी, नालियों की खराब स्थिति और साफ-सफाई में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने पानी की टंकियों और नाली निर्माण की खामियों को मौके पर ही चिह्नित कर तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए और इसकी रिपोर्ट मांगी।

डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि जानकीपुरम स्थित ट्रॉमा सेंटर में तुरंत बाल रोग विशेषज्ञ और जनरल फिजिशियन की तैनाती की जाए। उन्होंने साफ किया कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता से सीधा संवाद

ब्रजेश पाठक ने लोगों को आश्वासन दिया कि अगर उन्हें किसी सरकारी कर्मचारी की कार्यप्रणाली से दिक्कत है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान विधायक योगेश शुक्ला, पार्षद दीपक कुमार सहित स्वास्थ्य व नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरे के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि डायरिया संकट पर जल्द काबू पाया जाएगा।

Also Read: Jaunpur News: गांव में रहस्यमय ड्रोन उड़ने से ग्रामीणों में भय, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.