UP STF ने पकड़ा फर्जी भर्ती गैंग, युवाओं से ठगी कर रहे थे 5 आरोपी, दस्तावेज भी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएससी (सेंट्रल ऑर्डनेंस डिपो) और अन्य विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग के 5 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक दस्तावेज, मोबाइल, नकदी और वाहन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी

  • धर्मवीर उर्फ धर्मा गुर्जर (निवासी जलालपुर, थाना फतेहाबाद, आगरा)
  • देवेंद्र सिंह (निवासी पक्कापुरा टडावली, थाना फतेहाबाद, आगरा)
  • अनूप (निवासी खेरा भगौर, थाना मलपुरा, आगरा)
  • हरेश पाठक (निवासी मनखेड़ा, थाना मलपुरा, आगरा)
  • पारस चाहर (निवासी ग्राम लाडम, थाना मलपुरा, आगरा)

बरामद सामान

  • आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी समेत कई मूल पहचान पत्र
  • हाईस्कूल और इंटर की मूल अंकतालिकाएं, जाति/निवास प्रमाण पत्र
  • सेना भर्ती और आईटीआई से जुड़े एडमिट कार्ड व प्रमाण पत्र
  • 6 मोबाइल फोन, एक कार (i20), दो बाइक (अपाचे और पल्सर)
  • ₹1,130 नकद

ऐसे करते थे ठगी

पूछताछ में गिरोह के सरगना धर्मवीर ने खुलासा किया कि वे युवाओं को सीओडी/एसएससी/आर्मी बेस वर्कशॉप में नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। कुछ मामलों में वे ‘साल्वर’ बैठाकर परीक्षा पास कराते थे। कुछ में कागजातों की हेरफेर की जाती थी। यदि नौकरी नहीं लगती थी, तो अभ्यर्थियों के जमा किए मूल दस्तावेज और पैसे वापस नहीं किए जाते थे।

गिरोह का काम बंटा हुआ था अनूप, हरेश और पारस ग्रामीण युवाओं को झांसे में लाते, प्रेम चंद्र वर्मा साल्वर की व्यवस्था करता, जबकि देवेंद्र फर्जी दस्तावेजों के जरिए खुद भी असम राइफल्स में भर्ती हो चुका था, लेकिन पकड़े जाने पर नौकरी छोड़कर फरार हो गया। मुख्य आरोपी धर्मवीर उर्फ धर्मा के खिलाफ पहले भी थाना फतेहाबाद, आगरा में धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई

गिरफ्तारी आगरा के अबूलाला दरगाह तिराहे के पास हुई। आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू आगरा में मु.अ.सं. 0297/2025, धारा 318(4), 112, 341(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की जांच और विधिक कार्यवाही पुलिस कर रही है।

Also Read: लखनऊ नगर निगम में मचा घमासान, पार्षदों ने लगाए ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ के नारे, मेयर ने छोड़ी कुर्सी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.