प्रधानमंत्री मोदी ने GST को बताया ‘डबल धमाका’, 22 सितंबर से लागू होंगे नए नियम

Sandesh Wahak Digital Desk: गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) में बड़े बदलावों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे ‘आज़ादी के बाद का सबसे बड़ा फैसला’ बताया है। दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने GST काउंसिल के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि नए बदलावों से अब GST और भी सरल हो गया है, जो आम जनता और व्यापारियों के लिए “दिवाली से पहले का डबल धमाका” है।

कम हुए टैक्स स्लैब, सस्ता होगा सामान

GST काउंसिल ने 12% और 28% के टैक्स स्लैब को खत्म कर दिया है। अब सिर्फ दो ही स्लैब बचे हैं: 5% और 18%। ये बदलाव 22 सितंबर से लागू होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि GST 2.0 नामक यह नई व्यवस्था घरों, छोटे व्यापारियों और उद्योगों को राहत देगी। इस बदलाव से कई ज़रूरी सामान, पर्सनल केयर उत्पाद, रेस्टोरेंट में भोजन, यात्रा, गैजेट्स और यहाँ तक कि वाहन भी सस्ते हो जाएंगे।

‘जनता की बचत हमारा लक्ष्य’

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले रसोई के सामान, खेती-किसानी से जुड़े उत्पाद, दवाइयाँ और यहाँ तक कि जीवन बीमा पर भी भारी टैक्स लगाया जाता था। उन्होंने कहा अगर वही दौर होता तो आज आपको 100 रुपये की कोई चीज़ खरीदने पर 20-25 रुपये टैक्स देना होता, लेकिन हमारी सरकार का मकसद है कि आम लोगों के जीवन में ज्यादा से ज्यादा बचत कैसे हो। उन्होंने यह भी कहा कि जिम, सैलून और योग जैसी फिटनेस सेवाओं पर भी टैक्स कम कर दिया गया है। उन्होंने कहा हमारा नौजवान अब फिट भी होगा और हिट भी होगा।

 

Also Read: Barabanki News: ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज मामला, दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.