केशव मौर्य का कांग्रेस-सपा पर हमला, बोले- बिहार में निकल गई हवा, यूपी में जनता सिखाएगी सबक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि बिहार में कांग्रेस और राजद का गठबंधन बुरी तरह हारेगा और जनता उन्हें सबक सिखाएगी। प्रयागराज में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात की।
डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा और एनडीए की एकतरफा जीत तय है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि यही वजह है कि भारत आज भी विकासशील देश है, जबकि हमसे बाद में आजाद हुए कई देश विकसित बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद एंड कंपनी के सारे मुद्दों की हवा निकल चुकी है।
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम ने 15 अगस्त को लाल किले से जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिया है। उन्होंने जीएसटी की नई दरों में बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि 22 सितंबर से लागू होने वाले इस फैसले से लोगों को काफी फायदा होगा। उन्होंने देश को आर्थिक और सामरिक शक्ति बनाने के लिए ‘स्वदेशी’ अपनाने पर जोर दिया और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने की अपील की।
सपा पर भी साधा निशाना
डिप्टी सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने और विपक्ष के झूठे प्रचार को नाकाम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2027 में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में हत्या, लूट, बलात्कार और गुंडागर्दी चरम पर थी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सपा की सरकार दोबारा बनी, तो जनता को फिर से वही दिन देखने पड़ेंगे।
इस दौरान उन्होंने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि जीवन का पहला गुरु माँ होती है और उसके बाद शिक्षक हमें जीवन की राह पर चलना सिखाते हैं। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ शुरू होगा, जिसके तहत सभी को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाने और स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने का आह्वान किया गया है।
Also Read: सपा का BJP विधायक केतकी सिंह को नोटिस, 5 करोड़ हर्जाने की मांग, जानिए…

