Lucknow News: जान से मारने की नियत से फायरिंग करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अलीगंज थाना पुलिस ने इन आरोपियों के पास से अवैध पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को आयुष सिंह नाम के शख्स ने अलीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से फायरिंग की है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल दो आरोपी रेलवे लाइन के पास एक खाली मकान में छिपे हैं और भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारा और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान रजत चौधरी (23) और विवेक तिवारी उर्फ हनी तिवारी (22) के रूप में बताई। दोनों लखनऊ के ही रहने वाले हैं। तलाशी लेने पर उनके पास से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, एक मैग्जीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि इन दोनों आरोपियों के साथ-साथ शिवम सिंह और अर्पित मिश्रा नाम के दो अन्य आरोपी भी इस मामले में शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
Also Read: अब विवाहित बेटियां भी पिता की कृषि भूमि में हिस्सेदार, राजस्व संहिता में होगा संशोधन

