Lucknow News: रिकवरी एजेंट की सिर कूचकर हत्या, ऑफिस में खून से लथपथ मिला शव

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अपराध पर लगाम कसने के तमाम दावों के बीच अपराधियों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। मंगलवार सुबह बंथरा इलाके में 26 वर्षीय रिकवरी एजेंट कुनाल शुक्ला की सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका शव ऑफिस के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

खून से सना शव देखकर घबरा गईं

जानकारी के अनुसार, मृतक कुनाल शुक्ला न्यू डेस्टिन सिटी कॉलोनी, बंथरा के रहने वाले थे। वे अपनी मां और बड़े भाई के साथ रहते थे जबकि पिता फैजाबाद में रोडवेज चालक हैं। बताया जाता है कि सोमवार की देर रात सभी लोग ऑफिस से निकल गए थे, लेकिन कुनाल वहीं रुक गए थे। मंगलवार सुबह जब सफाईकर्मी संगम थारू ऑफिस पहुंचीं तो खून से सना शव देखकर घबरा गईं और तुरंत मालिक विवेक सिंह को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है

फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे कारण क्या था।

बताया जाता है कि कुनाल, विवेक सिंह के साथ मिलकर स्वास्तिक एसोसिएट नाम से चल रहे ऑफिस में काम करते थे और गाड़ियों की रिकवरी का काम संभालते थे। वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Also Read: Lucknow News: नगर निगम की बैठक में हंगामा, बजट और सफाई कर्मियों के मुद्दे पर गरमाई बहस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.