Azamgarh News: हनुमान मंदिर में दूसरी बार चोरी, 21 किलो का घंटा और गदा ले उड़े चोर
Azamgarh News: आज़मगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के श्रीकांतपुर गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर को एक बार फिर चोरों ने निशाना बनाया। बीती रात चोरों ने मंदिर में सेंध लगाकर 21 किलो वजनी पीतल का घंटा, 11 किलो का एक और घंटा, 11 किलो का हनुमान जी का गदा, इनवर्टर, बैटरी और दानपात्र की नकदी चोरी कर ली।
ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाया
यह चोरी मंदिर में दूसरी बार हुई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। सुबह जब पुजारी सर्वेश तिवारी पूजा करने पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का टूटा दरवाज़ा और गायब सामान देखकर तत्काल ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाया।
चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
सूचना पर देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। कोतवाल विनय प्रकाश राय ने कहा कि घटना गंभीर है और तहरीर मिलते ही अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुराग खंगालने में जुटी है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार दूसरी बार मंदिर में चोरी होना आस्था पर गहरी चोट है। लखन उपाध्याय सहित कई लोगों ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की। यह घटना न केवल धार्मिक स्थल की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि गांव की शांति और विश्वास को भी झकझोरती है। अब देखना यह होगा कि पुलिस अपराधियों तक कब और कैसे पहुँचती है।
रिपोर्ट- राम अवतार उपाध्याय
Also Read: Lucknow News: रिकवरी एजेंट की सिर कूचकर हत्या, ऑफिस में खून से लथपथ मिला शव

