सीपी राधाकृष्णन बने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति, राष्ट्रपति मुर्मू ने दिलाई शपथ
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत को आज उसका नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। चंद्रपुरम पोन्नुसामी (सीपी) राधाकृष्णन ने सोमवार को देश के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक खास समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर ओडिशा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत कई राज्यों के नेता और केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे।
जगदीप धनखड़ भी दिखे सार्वजनिक मंच पर
इस समारोह में एक खास बात यह भी रही कि लंबे समय बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से 21 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से वह किसी कार्यक्रम में नजर नहीं आए थे। शपथ लेने के बाद, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने दोपहर 12:30 बजे राज्यसभा के नेताओं के साथ अपनी पहली बैठक भी की।
आपको बता दें कि 9 सितंबर को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट मिले थे, जबकि विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। इस तरह, राधाकृष्णन ने 152 वोटों के बड़े अंतर से यह चुनाव जीता।
Also Read: BCCI अध्यक्ष बनेंगे सचिन तेंदुलकर? चुनाव से पहले सामने आया बड़ा अपडेट

