नेपाल में नई सरकार का गठन, सुशीला कार्की ने संभाली कमान, भारत ने आपसी संबंधों पर कही ये बात

Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बाद, पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की ने देश की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है। उनकी नियुक्ति का भारत ने स्वागत किया है और दोनों देशों के बीच शांति और स्थिरता बनाए रखने की उम्मीद जताई है।

भारत का आधिकारिक बयान

भारत सरकार ने एक बयान जारी कर कहा, “हम नेपाल में सुशीला कार्की के नेतृत्व में नई अंतरिम सरकार के गठन का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि इससे शांति और स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा।” भारत ने यह भी दोहराया कि वह नेपाल का सबसे करीबी पड़ोसी और विकास साझेदार है, और दोनों देश मिलकर जनता की भलाई और तरक्की के लिए काम करते रहेंगे।

क्यों हुआ सत्ता परिवर्तन?

नेपाल में यह सत्ता परिवर्तन युवाओं के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद हुआ। ये प्रदर्शन सोशल मीडिया पर प्रतिबंध और बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ हो रहे थे। प्रदर्शनों के दबाव में, पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को अचानक इस्तीफा देना पड़ा और उन्हें काठमांडू छोड़कर भागना पड़ा। प्रदर्शनों के दौरान कई युवाओं की जान चली गई, और कुछ हिंसक घटनाओं में पूर्व प्रधानमंत्रियों और उनकी पत्नियों पर भी हमला किया गया।

इन घटनाओं के बाद, युवाओं ने सुशीला कार्की को देश की बागडोर सौंपने पर सहमति जताई, जिसके बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें औपचारिक समारोह में पद की शपथ दिलाई।

Also Read :PM मोदी का पांच राज्यों का दौरा आज से शुरू, हजारों करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.