जयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, हरिद्वार से लौट रहे एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के जयपुर में एक बेहद दुखद सड़क हादसा हुआ है। रिंग रोड पर एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
हादसा उस वक्त हुआ जब कार सवार सभी लोग अपने एक परिजन की अस्थियां विसर्जित कर हरिद्वार से लौट रहे थे। जयपुर वाटिका रिंग रोड पर अचानक उनकी कार पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और एंबुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में 3 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। मृतकों की पहचान रामराज वैष्णव, उनकी पत्नी मधु और बेटे रुद्र के साथ-साथ उनके रिश्तेदार कालूराम, उनकी पत्नी सीमा और बेटे रोहित के रूप में हुई है। मृतकों में गजराज नाम का एक और शख्स भी शामिल है। ये सभी केकड़ी के फुलियावास और जयपुर के वाटिका के रहने वाले थे। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Also Read: दिल्ली में फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर रेलवे ट्रैक पर गिरी कार, वीडियो वायरल

