Kanpur News: डिप्रेशन की शिकार छात्रा ने हॉस्टल में दी जान, पुलिस जांच में जुटी
Kanpur News: काकादेव थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 19 वर्षीय छात्रा पलक धर ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पलक फर्रुखाबाद की रहने वाली थीं और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में रेडियोलॉजी की पढ़ाई कर रही थीं। यह घटना सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के रानीगंज स्थित हॉस्टल में हुई।
पलक पंखे से लटकी मिलीं
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात पलक ने अपनी छोटी बहन दीप्ति और रूम पार्टनर आराध्या को दवा लाने के लिए बाहर भेज दिया। जब दोनों वापस लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने और फोन करने पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो हॉस्टल की अन्य छात्राओं और वॉर्डन को जानकारी दी गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पलक पंखे से लटकी मिलीं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पलक लंबे समय से डिप्रेशन और एंग्जाइटी की दवाइयां ले रही थीं। पुलिस का मानना है कि मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया होगा। पलक के पिता डॉ. अभेदु कुमार धर फर्रुखाबाद के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ हैं।
बेटी की मौत की खबर से परिवार पूरी तरह सदमे में है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर छात्रों के बीच मानसिक स्वास्थ्य और काउंसलिंग की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Also Read: ट्रेन टिकट बुकिंग का नया नियम: 1 अक्टूबर से सिर्फ ये लोग ही कर सकेंगे 15 मिनट में टिकट बुक

