बिहार सरकार का छात्रों को तोहफा, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर अब कोई ब्याज नहीं लगेगा
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छात्रों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। अब बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लिए गए शिक्षा ऋण पर छात्रों को कोई ब्याज नहीं देना होगा। मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी घोषणा की।
अभी तक इस योजना के तहत छात्रों को 4% की ब्याज दर पर शिक्षा ऋण मिलता था, जबकि महिलाओं, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर आवेदकों के लिए यह दर 1% थी। अब सभी के लिए यह ऋण पूरी तरह ब्याज-मुक्त होगा।
कर्ज चुकाने की अवधि भी बढ़ाई गई
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक और बड़ा बदलाव किया है। अब छात्रों को ऋण चुकाने के लिए पहले से ज्यादा समय मिलेगा।
2 लाख रुपये तक का ऋण: इसे 5 साल (60 किस्त) से बढ़ाकर 7 साल (84 किस्त) में चुकाया जा सकेगा।
2 लाख रुपये से अधिक का ऋण: इसे 7 साल (84 किस्त) से बढ़ाकर 10 साल (120 किस्त) में चुकाने की सुविधा दी गई है।
नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार का मकसद यह है कि बिहार के ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा हासिल कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन बदलावों से छात्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपने भविष्य के साथ-साथ राज्य और देश के विकास में भी योगदान दे सकेंगे।
Also Read: राहुल गांधी के रायबरेली दौरे से हिली बीजेपी खेमे की सियासत

