ऐतिहासिक ‘बांसी नदी’ का होगा पुनरुद्धार, कुशीनगर प्रशासन ने तैयार किया रोड मैप

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर की ऐतिहासिक बांसी नदी को फिर से जिंदा करने के लिए जिला प्रशासन ने एक विस्तृत रोड मैप तैयार किया है। इस नदी को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त करने के लिए अधिकारियों और ग्राम प्रधानों की एक संयुक्त बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

अभियान के रूप में होगी सफाई

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में 114 किलोमीटर लंबी बांसी नदी को कई हिस्सों में बांटकर काम करने की योजना बनाई गई। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी को निर्देश दिया है कि नदी की सफाई के लिए एक तारीख तय की जाए, जिस दिन सभी लोग मिलकर श्रमदान करें। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों और आम जनता से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।

₹6.22 करोड़ की योजना, टाइड फंड का भी होगा इस्तेमाल

जिलाधिकारी ने ₹6 करोड़ 22 लाख की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को तुरंत जांचकर सरकार को भेजने का निर्देश दिया, ताकि जल्द से जल्द काम शुरू हो सके।उन्होंने बताया कि बांसी नदी के पुनरुद्धार के लिए ₹1.5 करोड़ की राशि टाइड फंड से दी जाएगी, जबकि ₹50 लाख हिरण्यवती नदी के लिए दिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि नदी में दोबारा जलकुंभी न हो, इसके लिए उसके कारणों को खत्म करना जरूरी है। उन्होंने नदी के किनारे सरकारी जमीन पर तालाब और केले की खेती करने का सुझाव दिया। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने काम की समय-सीमा तय करें, ताकि यह अभियान तय समय पर पूरा हो सके।

जिलाधिकारी तंवर ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और जब तक काम पूरा नहीं होता, यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी और नदी से सटे गांवों के ग्राम प्रधान मौजूद थे।

Also Read: यूपी में प्रशासनिक फेरबदल, रोशन जैकब समेत 16 IAS के तबादले, ब्यूरोक्रेसी में हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.