Lucknow News: मुकदमे से भड़के छात्र, एबीवीपी की अगुवाई में विश्वविद्यालय में प्रदर्शन
Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सोमवार को गेट नंबर एक पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और विश्वविद्यालय के छात्रों ने राजनीति विज्ञान विभाग के शोधार्थी अमन दुबे के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि शोधार्थी पर रैगिंग करने और भेदभावपूर्ण व्यवहार का आरोप है।
शिकायतकर्ता समेत कई छात्रों पर मुकदमा दर्ज
छात्रों का कहना है कि इसकी शिकायत पहले ही यूजीसी एंटी रैगिंग पोर्टल और विवि प्रशासन से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच, बीते दिनों शोधार्थी और शिकायतकर्ता छात्रों के बीच कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई। इसके बाद शोधार्थी ने शिकायतकर्ता समेत कई छात्रों पर मुकदमा दर्ज करा दिया।

समझाने-बुझाने के बावजूद छात्र अपनी मांगों पर अड़े
इसी कदम से नाराज छात्रों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने निलंबन और निष्कासन की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति को शांत कराने के लिए प्रॉक्टोरियल बोर्ड और हेडमास्टर प्रो. राकेश द्विवेदी को मौके पर भेजा। हालांकि काफी देर तक समझाने-बुझाने के बावजूद छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
विश्वविद्यालय परिसर में देर शाम तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। प्रशासन ने छात्रों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: Lucknow News: विश्वकर्मा पूजा के बीच चली बांके की धार, गर्भवती की मौत

