Asia Cup 2025: ACC का बड़ा कदम, मीडिया को जारी किए नए दिशानिर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 को लेकर भारत-पाकिस्तान मैच के बाद उपजे विवादों और बढ़ते तनाव के बीच एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने बड़ा कदम उठाया है।

ACC ने पत्रकारों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किसी भी तरह का राजनीतिक सवाल न पूछा जाए, वरना सख्त कार्रवाई हो सकती है।

यह निर्देश गुरुवार को भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले मीडिया को दिए गए। एसीसी के एक मीडिया अधिकारी ने भारतीय पत्रकारों से राजनीतिक सवालों से बचने का अनुरोध किया।

इस फैसले को एसीसी की तरफ से विवादों को थामने और टूर्नामेंट की गरिमा बनाए रखने की कोशिश माना जा रहा है।

Asia Cup 2025

भारत-पाक मैच के बाद क्यों बढ़ा तनाव?

बीते रविवार को खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान एक विवाद तब खड़ा हो गया जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के वक्त पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।

इसके बाद मैच समाप्ति पर भी भारतीय खिलाड़ियों ने आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की श्रद्धांजलि स्वरूप विरोधी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया।

इस व्यवहार को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने कई तीखे सवाल पूछे, जिसके बाद से राजनीतिक विवाद और मीडिया कवरेज बढ़ने लगा।

यूएई-पाकिस्तान विवाद ने भी बढ़ाया दबाव

एसीसी के मीडिया विभाग की आलोचना उस वक्त और तेज हो गई जब यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम से बार-बार पाकिस्तान टीम की लेट एंट्री को लेकर सवाल पूछे गए।

इसके जवाब में वसीम ने असहजता जाहिर की थी, जिससे प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

PCB की प्रेस कांफ्रेंस से गैरहाजिरी पर उठे सवाल

इस बीच आईसीसी बोर्ड के एक वरिष्ठ सदस्य ने भी सवाल उठाए हैं कि जब पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट में पूरी तरह मौजूद थी, तब उसने यूएई के खिलाफ मैच से पहले की अनिवार्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग क्यों नहीं लिया?

उन्होंने कहा,

“अगर कोई संक्रामक बीमारी होती या कोई शोक का मामला होता, तो समझ आता। लेकिन टीम मौजूद थी, फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस से दूरी क्यों बनाई गई?”

ACC पर बढ़ा दबाव, मीडिया प्रबंधन सवालों के घेरे में

इन घटनाक्रमों के चलते एसीसी का मीडिया प्रबंधन विभाग आलोचना झेल रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनीतिक मुद्दों को नियंत्रित करने में एसीसी की कमजोरी उजागर हुई है, और अब नए दिशा-निर्देशों से संगठन ने डैमेज कंट्रोल मोड अपनाया है।

नया दिशानिर्देश: खेल तक सीमित रहें सवाल

ACC द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार:

  • पत्रकार केवल क्रिकेट से जुड़े सवाल ही पूछ सकते हैं।

  • राजनीतिक, धार्मिक या अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़े सवालों पर पूरी तरह रोक है।

  • यदि कोई पत्रकार इन निर्देशों का उल्लंघन करता है, तो उसकी मान्यता रद्द की जा सकती है।

Also Read: चयनकर्ता पद के लिए इंटरव्यू में प्रज्ञान ओझा, आरपी सिंह और अमय खुरासिया शामिल, इस तारीख को होगा अंतिम फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.