Mathura News: राष्ट्रपति मुर्मू 25 सितंबर को मथुरा पहुंचेंगी, कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर में करेंगी दर्शन

Mathura News: मथुरा में 25 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में तेजी कर दी है। राष्ट्रपति के काफिले के मार्गों का निरीक्षण लगातार किया जा रहा है और उन मार्गों को दुरुस्त किया जा रहा है, जिनसे महामहिम गुजरेंगी।

राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व प्रशासन ने किया निरीक्षण

मथुरा शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के होली गेट स्थित अंतापाड़ा परिक्रमा मार्ग पर बने कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर में प्रशासनिक टीम ने गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एडीएम (फाइनेंस) पंकज वर्मा, एडीएम (प्रशासन), एसएसपी श्लोक कुमार, एसपी सिटी, एसपी क्राइम, एसपी सुरक्षा, एसपी यातायात, सीडीओ मनीष मीणा, नगर निगम आयुक्त जंग प्रवेश, तथा सीओ सिटी आईपीएस आशना चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने पर जोर दिया। मंदिर के पुजारी आशीष चतुर्वेदी से चर्चा कर राष्ट्रपति आगमन से पहले सभी तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे

निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति 25 सितंबर को कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर में दर्शन करेंगी। मंदिर और आसपास की व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर किया जा रहा है। डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने कहा कि सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं और मंदिर परिसर तथा मार्गों पर पुलिस बल की भारी तैनाती की

जाएगी। प्रशासन ने दावा किया कि सभी तैयारियाँ 24 सितंबर तक पूरी कर ली जाएंगी ताकि राष्ट्रपति का दौरा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

Also Read: 390+ वस्तुओं पर करों में भारी कटौती, मोदी सरकार का आमजन के लिए बड़ा उपहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.