Kanpur News: नेपाल की सेना अब कानपुर में बनी वर्दी और बूट पहनेगी, जानिए किस कंपनी को मिला ऑर्डर
Kanpur News: नेपाल की सेना अब कानपुर में बनी वर्दी और बूट पहनेगी। रक्षा मंत्रालय की डीपीएसयू ट्रूप कंफर्ट्स लिमिटेड (टीसीएल) की ओर से नेपाल सेना को भेजे गए सैंपल को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। नेपाल के मास्टर जनरल ऑफ ऑर्डिनेंस (एमजीओ) को यहां तैयार वर्दी और बूट बेहद पसंद आए हैं। सैंपल परीक्षण पूरा होते ही नेपाल सेना की ओर से बड़ा ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री (ओईएफ) कानपुर में नेपाल सेना के लिए 50 हजार बूट तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही डिजिटल पैटर्न वाली वर्दी और मॉड्यूलर दस्ताने भी नेपाल सेना को भा गए हैं।
नेपाल सेना को क्यों चाहिए नया साजो-सामान?
नेपाल में बदले राजनीतिक हालात और सीमाओं पर बढ़ी चौकसी को देखते हुए सेना ने अपने जवानों को बेहतर उपकरण और पोशाक उपलब्ध कराने की तैयारी तेज की है। इसी कड़ी में नेपाल के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने दो महीने पहले टीसीएल मुख्यालय पहुंचकर उत्पादों का परीक्षण किया था। उन्हें मल्टीपरपज बूट, क्रैम्पन बूट, 7-लेयर्ड ईसीडब्ल्यूसीएस (एक्सट्रीम कोल्ड वेदर क्लोथिंग सिस्टम), रॉक पिटोन और कैरबिनर जैसे उपकरण भी बेहद पसंद आए।
भारतीय सेना का भी बड़ा ऑर्डर
टीसीएल की ओईएफ इकाई इस समय भारतीय सेना के लिए भी करीब 10 लाख जोड़ी बूट बनाने के काम में लगी है। अब नेपाल सेना के ऑर्डर मिलने के बाद उत्पादन का दायरा और बढ़ जाएगा।
“नेपाल सेना को बूट और डिजिटल पैटर्न वर्दी बेहद पसंद आई है। सैंपल दिए जा चुके हैं और जल्द ही 50 हजार बूट समेत अन्य उत्पादों का ऑर्डर मिलने की पूरी संभावना है।”
संचालन राजीव शर्मा,टीसीएल के निदेशक
Also Read: सांप के काटने पर तुरंत क्या करें? सिद्धार्थनगर में डॉक्टरों ने दी अहम जानकारी

