असम जमीन घोटाला: ED ने 94.22 करोड़ की संपत्ति जब्त की, आरोप पत्र भी दाखिल

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने असम में एक बड़े जमीन घोटाले के मामले में सख्त कार्रवाई की है। ऑल इंडिया सर्विसेज ऑफिसर्स को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी से जुड़े इस मामले में ईडी ने ₹94.22 करोड़ की संपत्ति जब्त की है और आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया है। यह कार्रवाई गुवाहाटी के बेसिस्था थाने में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर की गई है।

क्या है पूरा मामला?

इस सोसाइटी में आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारी सदस्य हैं। सोसाइटी ने 86 बीघा जमीन खरीदने के लिए सौतिक गोस्वामी को ₹3.60 करोड़ का एडवांस दिया था। लेकिन, सौतिक ने न तो जमीन दी और न ही पूरा पैसा लौटाया। उसने सिर्फ ₹50 लाख वापस किए और बाकी ₹3.10 करोड़ हड़प लिए। ईडी ने इसी राशि को गैरकानूनी कमाई (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) माना है।

जांच में सामने आया कि सौतिक गोस्वामी ने जमीन पर कब्जा करने के लिए राजेंद्र नाथ नाम के एक व्यक्ति के साथ निजी समझौता किया था। बदले में राजेंद्र नाथ को भारी मात्रा में कैश दिया गया, जिसके सबूत भी ईडी को मिले हैं।

कहां-कहां हुई कार्रवाई?

ईडी ने आरोप लगाया है कि राजेंद्र नाथ ने 2016 से 2023 के बीच इस गैरकानूनी कमाई से कई संपत्तियां खरीदीं, जिनका वह कोई वैध हिसाब नहीं दे पाए। इसी आधार पर ईडी ने 18 सितंबर 2025 को राजेंद्र नाथ की आठ संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त कर लीं। ये संपत्तियां असम के कुकुरमारा, जोगीपारा, बर्हंती मणियारी, बंगारा, कवाईमारी और रामपुर गांवों में स्थित हैं। फिलहाल, मामले की आगे की जांच अभी भी जारी है।

Also Read: 50,000 का इनामी बदमाश अभिषेक उर्फ प्रद्युमन मुंबई से गिरफ्तार, STF को मिली बड़ी सफलता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.