जापान के इस शहर में रात 9 बजे के बाद बच्चों के लिए स्मार्टफोन बैन, बड़ों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: जापान के आइची प्रांत में स्थित टोयोआके शहर ने एक अनोखा अध्यादेश जारी किया है। इस अध्यादेश के तहत, सभी निवासियों से स्मार्टफोन और अन्य गैजेट्स का इस्तेमाल सीमित करने को कहा गया है। यह कानून 1 अक्टूबर से लागू हो जाएगा।
इस अध्यादेश का मुख्य मकसद लोगों को स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना है। टोयोआके के मेयर मासाफुमी कोउकी ने बताया कि स्मार्टफोन का ज्यादा इस्तेमाल लोगों की नींद पर बुरा असर डाल रहा है। उन्होंने कहा कि यह कानून स्मार्टफोन को पूरी तरह से नकारता नहीं है, बल्कि परिवारों में आपसी संवाद को बढ़ाने के लिए लाया गया है।
किस पर लागू होगा यह नियम
बच्चों के लिए: प्राथमिक स्कूल के छात्रों और छोटे बच्चों के लिए रात 9 बजे के बाद और जूनियर हाई स्कूल के छात्रों (18 वर्ष से कम) के लिए रात 10 बजे के बाद स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है।
बड़ों के लिए: हालांकि, यह कानून ऑफिस या घरेलू काम करने वालों पर लागू नहीं होता।
सबसे खास बात यह है कि इस अध्यादेश को नहीं मानने वालों के लिए कोई सजा का प्रावधान नहीं है। यह सिर्फ एक दिशा-निर्देश है।
Also Read: Lucknow News: BJP पार्षदों ने मेयर पर भेदभाव का लगाया आरोप, राजनाथ सिंह से करेंगे शिकायत

