कतर में भी चलेगा यूपीआई, भारतीय यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के डिजिटल पेमेंट को दुनिया भर में पहुंचाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनपीआईएल) ने कतर नेशनल बैंक (क्यूएनबी) के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के बाद अब कतर में भी भारतीय यात्री यूपीआई (UPI) से पेमेंट कर सकेंगे।

क्यूआर कोड स्कैन कर करें भुगतान

इस साझेदारी के तहत, कतर में क्यूएनबी से जुड़े सभी दुकानों और व्यापारिक स्थानों पर लगे पॉइंट-ऑफ-सेल (पीओएस) टर्मिनल पर क्यूआर कोड स्कैन करके यूपीआई पेमेंट की सुविधा शुरू हो गई है। यह सुविधा कतर आने वाले भारतीय पर्यटकों के लिए एक बड़ी राहत है, क्योंकि भारतीय पर्यटक कतर आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों में दूसरे सबसे बड़े समूह हैं।

एनपीसीआई इंटरनेशनल के सीईओ रितेश शुक्ला ने कहा, हमारा लक्ष्य यूपीआई को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाना है। क्यूएनबी के साथ यह साझेदारी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे लाखों भारतीय यात्रियों को सुरक्षित और आसान डिजिटल ट्रांजैक्शन में मदद मिलेगी और कैश पर उनकी निर्भरता कम होगी।

क्यूएनबी के ग्रुप चीफ बिजनेस ऑफिसर यूसेफ महमूद अल-नेमा ने कहा, हमें कतर में यूपीआई की शुरुआत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह मील का पत्थर न केवल भारतीय यात्रियों के लिए सुविधा लाएगा, बल्कि कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देकर कतर के रिटेल और पर्यटन क्षेत्र को भी मजबूत करेगा।

Also Read: लद्दाख में पूर्ण राज्य की मांग को लेकर प्रदर्शन, लेह में छात्रों-पुलिस के बीच झड़प, CRPF की गाड़ी फूंकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.