Shravasti News: अंतर्जनपदीय शातिर चोर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, लाखों की चोरी का माल बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर जनपद में अपराध पर नकेल कसने के अभियान के तहत, थाना इकौना, गिलौला और एसओजी की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने एक अंतर्जनपदीय शातिर चोर को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया है, जिसके कब्जे से चोरी किया गया लाखों रुपये का माल और नकदी बरामद हुई है।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी

बीती रात, अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद उत्तम व क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान के कुशल पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक अखिलेश पाण्डेय (थाना कोतवाली भिनगा) के नेतृत्व में पुलिस टीम चोरी के मामलों से संबंधित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी।

थाना इकौना क्षेत्र के ग्राम सोनरई से कोठारपुरवा जाने वाली सड़क के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इसके जवाब में, प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार पाण्डेय और थानाध्यक्ष गिलौला विनय पाण्डेय ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे एक अभियुक्त सलमान पुत्र झगरू (निवासी आगा पुरवा, बहराइच) घायल हो गया। उसे उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उसका एक साथी, मैसर पुत्र हनीफ (निवासी कन्दौसा, बहराइच) फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार घायल अभियुक्त सलमान के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किया गया माल बरामद हुआ है।

यह बरामदगी इकौना के ग्राम जयचन्दपुर कटघरा और गिलौला के घरों में 09/10 सितंबर 2025 की रात हुई कई चोरियों से संबंधित है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लाखों रुपये में है।

शातिर अपराधी का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त सलमान एक शातिर किस्म का अपराधी है। उसके विरुद्ध श्रावस्ती और बहराइच समेत अन्य जनपदों में चोरी, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम व गैंगस्टर अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों के लगभग 17 अभियोग पंजीकृत हैं।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। वे कपड़े या सब्ज़ी बेचने वाले के रूप में गांव-गांव घूमकर रेकी करते थे, उन घरों को निशाना बनाते थे जो आबादी से अलग होते थे या जहां कम सदस्य होते थे। रात के समय ये छोटे दलों में घटना को अंजाम देते थे, खिड़की या दरवाजे से घर में घुसकर कुछ ही मिनटों में गहने और नकदी लेकर फरार हो जाते थे।

फरार और अन्य अभियुक्तों की पहचान

  • फरार अभियुक्त: मैसर पुत्र हनीफ (निवासी कन्दौसा, थाना बौड़ी, जिला बहराइच)
  • सलीम पुत्र ताहीर खान (थाना सोनवा, श्रावस्ती)
  • दौलत अली पुत्र मंशुर अली (थाना गिलौला, श्रावस्ती)
  • मुन्ना उर्फ नौसाद पुत्र मोहम्मद अहमद (थाना कोतवाली नगर, गोण्डा)

पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में जुटी हुई है और अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है।

रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा

 

Also Read: Lucknow News: क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत, पुलिस महकमे में हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.