चंडीगढ़ से दिल्ली बुलाए गए राजीव वर्मा, बने राष्ट्रीय राजधानी के मुख्य सचिव

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली को नया मुख्य सचिव मिल गया है। 1992 बैच के एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी राजीव वर्मा को 1 अक्टूबर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वह मौजूदा मुख्य सचिव धर्मेंद्र का स्थान लेंगे, जो 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से राजीव वर्मा को चंडीगढ़ से दिल्ली स्थानांतरित किया गया है और उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजीव वर्मा का प्रशासनिक अनुभव

राजीव वर्मा ने 2022 से 2024 तक चंडीगढ़ में राज्यपाल के सलाहकार और अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। उत्तर प्रदेश के मूल निवासी वर्मा आईआईटी से एमटेक डिग्री होल्डर हैं।

वह इससे पहले 2018 से 2022 तक दिल्ली सरकार में वित्त और राजस्व सचिव रहे। इसके साथ ही, उन्होंने दिल्ली के परिवहन विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में सचिव और अतिरिक्त सचिव स्तर पर जिम्मेदारियां संभालीं। अपने तीन दशक लंबे करियर में वर्मा भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय, ऊर्जा मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में भी अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं।

क्या है एजीएमयूटी कैडर?

एजीएमयूटी कैडर (Arunachal Pradesh-Goa-Mizoram and Union Territories Cadre) भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) का एक विशेष कैडर है। इसमें अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और सभी केंद्र शासित प्रदेश जैसे दिल्ली, अंडमान और निकोबार, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं। इस कैडर के अधिकारियों की तैनाती और स्थानांतरण केंद्र सरकार द्वारा किया जाता है।

राजीव वर्मा की नियुक्ति के साथ ही दिल्ली प्रशासन में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

Also Read: दशहरे की छुट्टियों के साथ अब यूपी में वाल्मीकि जयंती पर भी बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.