सिद्धार्थनगर में गरमाई सियासत, सपा में शामिल चौधरी अमर सिंह का जोरदार स्वागत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बीते दिनों हुए बड़े फेरबदल के बाद, अपना दल (एस) के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता चौधरी अमर सिंह के समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने से सिद्धार्थनगर की सियासत गरमा गई है। सपा का दामन थामने के बाद सोमवार को सिद्धार्थनगर में उनके प्रथम आगमन पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह, चौराहों और जिला मुख्यालय स्थित सपा कार्यालय में उनका जोरदार स्वागत किया।

सपा कार्यालय में हुआ भव्य अभिनंदन
पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह का स्वागत सपा कार्यालय में विधायक सैयदा खातून, जिलाध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व विधायक विजय पासवान, कमरूज़ज़्माँ खान, जिला मीडिया प्रभारी कलाम सिद्दीकी और अन्य बड़े नेताओं की उपस्थिति में हुआ।
गौरतलब है कि चौधरी अमर सिंह ने पांच दिन पहले ही लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे की मौजूदगी में विधिवत पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी।

चौधरी अमर सिंह का दावा: 2027 में सपा की झोली में होंगी 5 सीटें
जोरदार स्वागत से अभिभूत चौधरी अमर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पी०डी०ए० (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार का सफाया करेगा।
उन्होंने कहा, “2027 में पी०डी०ए० ही करेगी भाजपा सरकार का सफ़ाया। जनपद सिद्धार्थनगर की 5 विधानसभाओं की सीटें सपा की झोली में होंगी।” उन्होंने डबल इंजन की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश की भोली-भाली आवाम 2014 और 2017 से अब तक इस दमनकारी सरकार को ढो रही है।
अमर सिंह चौधरी ने संकल्प लिया कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा-निर्देश में पार्टी के पी०डी०ए० सिपाही बनकर काम करेंगे और दमनकारी सरकार का समापन करने के लिए पी०डी०ए० को मजबूत करेंगे।

सपा नेताओं ने किया स्वागत
स्वागत समारोह की अध्यक्षता कर रहे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने दावा किया कि चौधरी अमर सिंह के पार्टी में आने से जनपद की पाँचों विधानसभाओं की सीटें अब सपा की झोली में होंगी और भाजपा की डबल इंजन सरकार की दुकान बंद होने का समय करीब आ गया है।

डुमरियागंज की विधायक सैयदा खातून ने भी चौधरी अमर सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है, और उनके दमनकारी रवैये से समाज में अफरा-तफरी मची हुई है। उन्होंने कहा कि चौधरी अमर सिंह के शामिल होने से पी०डी०ए० और मजबूत होगा।
Also Read: अयोध्या में रावण दहन पर संकट, 240 फीट ऊंचे पुतले जलाने पर लगा बैन, जानिए वजह

