UP में PGT भर्ती एग्जाम चौथी बार स्थगित, 4.5 लाख अभ्यर्थी परेशान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी PGT (प्रवक्ता) भर्ती एग्जाम के अभ्यर्थियों के लिए चौथा बड़ा झटका दिया है। आयोग ने 15 और 16 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी है। यह चौथी बार है जब आयोग ने इस परीक्षा को रद्द किया है, जिससे तीन साल से इंतजार कर रहे लगभग 4.5 लाख अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई है।
साल 2022 से लंबित भर्ती प्रक्रिया
पीजीटी भर्ती-2022 की आवेदन प्रक्रिया जुलाई 2022 में पूरी हो चुकी थी। इसके बावजूद परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी और लगातार तिथियां बदलती रही। साल 2022 से अब तक अभ्यर्थी परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन हर बार एग्जाम स्थगित होने से उनकी तैयारी और मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है।
शिक्षा सेवा चयन आयोग ने चौथी बार परीक्षा स्थगित करने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है। माना जा रहा है कि आयोग अध्यक्ष कीर्ति पांडेय के त्यागपत्र के बाद उत्पन्न हालात के चलते यह फैसला लिया गया।
पहले भी टला है एग्जाम
इस साल अप्रैल में 11 और 12 तारीख को परीक्षा प्रस्तावित थी, जिसे बाद में 20 और 21 जून पर टाला गया। फिर 18 और 19 जून की नई तिथि घोषित हुई, लेकिन उसे भी रद्द कर दिया गया। अब 15-16 अक्टूबर की तिथि भी स्थगित हो गई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि बार-बार स्थगन से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है और मानसिक तनाव बढ़ रहा है।
कई छात्रों ने चिंता जताई कि लगातार देरी के कारण उनकी आयु सीमा पार हो सकती है। इस बार भी नए तारीख की घोषणा का इंतजार सभी अभ्यर्थी बेसब्री से कर रहे हैं।
Also Read: Varanasi News: नमामि गंगे के तहत कन्याओं ने पर्यावरण के प्रति लोगों को किया जागरूक

